अयोध्या श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में शीतकालीन समय-सारिणी लागू, अब सुबह 7 बजे से होंगे दर्शन

सलोनी तिवारी: अयोध्या: श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में आज यानी 23 अक्टूबर से नई दिनचर्या लागू कर दी गई है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने यह बदलाव शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए किया है ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई असुविधा न हो और आरती की व्यवस्थाएं अधिक सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।

अब मंदिर में दर्शन का समय सुबह 7 बजे से शुरू होगा, जबकि पहले यह 6:30 बजे से प्रारंभ होता था। मंगला आरती का समय भी आधा घंटा बढ़ाया गया है — पहले यह सुबह 4 बजे होती थी, अब 4:30 बजे से संपन्न होगी। इसके बाद श्रृंगार आरती सुबह 6:30 बजे होगी, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए दर्शन के द्वार 7 बजे खोले जाएंगे।

दोपहर में 12:30 बजे से 1:00 बजे तक भोग और मध्याह्न विश्राम के कारण मंदिर के पट बंद रहेंगे। इसके बाद पुनः श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था शुरू की जाएगी। शाम को दर्शन का समय अब रात 9:15 बजे तक रहेगा, यानी लगभग 45 मिनट की कमी की गई है। रात को शयन आरती 9:30 बजे से शुरू होगी, जिसके बाद मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।

मौसम में बढ़ती ठंड को देखते हुए यह परिवर्तन आवश्यक समझा गया है। देर रात तक दर्शन कराने में कठिनाइयां बढ़ जाती हैं, इसलिए यह नई समय-सारिणी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा दोनों को ध्यान में रखकर बनाई गई है।

श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे सुबह 7 बजे के बाद ही दर्शन के लिए आएं और दोपहर 12:30 से 1:00 बजे के बीच मंदिर न आएं। साथ ही, शयन आरती के बाद प्रवेश बंद रहेगा। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि वे गर्म कपड़ों के साथ आएं ताकि दर्शन का अनुभव सहज और सुखद बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *