गाजियाबाद के इंदिरापुरम में पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग

सलोनी तिवारी: गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के शक्ति खंड-2 स्थित प्लॉट नंबर 188 पर बुधवार रात एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त इमारत में 19 परिवार फंसे हुए थे। हालांकि आसपास के लोगों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक, दिवाली के मौके पर सोसाइटी परिसर में पटाखे जलाते समय अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। फ्लैटों में रखा घरेलू सामान, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर राख हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना इंदिरापुरम पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस आगजनी में किसी की जान नहीं गई। बताया जा रहा है कि एक फ्लैट में रहने वाले राकेश का पूरा सामान जलकर खाक हो गया।

फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि इंदिरापुरम गाजियाबाद का घनी आबादी वाला इलाका है, जहां बड़ी-बड़ी रिहायशी सोसाइटीज हैं। ऐसे में यह घटना किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी। हालांकि लोगों की सतर्कता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी त्रासदी टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *