सलोनी तिवारी: कानपुर: जिले के बिल्हौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुजालपुर भढ़िया गांव में तालाब में सिंघाड़ा तोड़ने गए चार बच्चे गहरे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को किसी तरह तालाब से बाहर निकाला और तत्काल शिवराजपुर सीएचसी (CHC) में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान 12 वर्षीय कन्हैया पुत्र सोनू को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसीपी बिल्हौर अमरनाथ ने बताया कि सुजालपुर भढ़िया गांव में मंगलवार सुबह चार बच्चे तालाब में सिंघाड़ा तोड़ने के लिए उतरे थे। पानी गहरा होने की वजह से चारों बच्चे डूबने लगे। ग्रामीणों ने शोर सुनते ही मौके पर पहुंचकर सभी को बाहर निकाला। इनमें से कन्हैया (12) और तान्या (14) की हालत गंभीर थी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कन्हैया को मृत घोषित किया जबकि तान्या को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।
अन्य दो बच्चे मन्नो (12) और कृष्णा (9) सुरक्षित हैं। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, कन्हैया अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और गांव के ही सरकारी स्कूल में कक्षा 5 में पढ़ता था। पिता खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
एसीपी अमरनाथ ने कहा कि ग्रामीणों की तत्परता से तीन बच्चों की जान बच गई, जबकि प्रशासन द्वारा मृतक परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है।

