सलोनी तिवारी: फतेहपुर: जिले में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। शहर के महात्मा गांधी परास्नातक महाविद्यालय परिसर में लगी पटाखा बाजार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सभी 65 दुकानें जलकर राख हो गईं। धमाकों और घने धुएं से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही बाजार में धमाके शुरू हो गए, जिससे लोग इधर-उधर भागने लगे। “अरे बचाओ, अरे बचाओ” की आवाजों के बीच भगदड़ मच गई और कई लोग घायल हो गए।
फायर ब्रिगेड कार्यालय घटना स्थल से सिर्फ 500 मीटर की दूरी पर है, लेकिन दमकल की गाड़ियां आधे घंटे बाद पहुंचीं, जिससे आग और फैल गई। बताया जा रहा है कि मौके पर खड़ी एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने भी तकनीकी खराबी के कारण काम करना बंद कर दिया।
हादसे में लगभग 10 से 15 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। झुलसे हुए लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा। एडीएम अविनाश पांडेय ने बताया कि सभी दुकानें जलकर खाक हो गई हैं, लेकिन अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

