ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में भीषण आग: सांसदों का आवास हुआ राख, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के हाई-प्रोफाइल डॉ. विशम्भर दास मार्ग स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में आज दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। यह अपार्टमेंट मुख्य रूप से राज्यसभा सांसदों के आवास के रूप में जाना जाता है। संसद भवन से मात्र 200 मीटर की दूरी पर लगी इस आग ने स्थानीय लोगों और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के करीब 30 मिनट बाद तक दमकल विभाग की गाड़ियां घटनास्थल पर नहीं पहुंची थीं, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। फिलहाल आग पर काबू पाने के लिए छह दमकल गाड़ियां तैनात की गई हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

इस घटना पर टीएमसी सांसद साकेत गोखले ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर दिल्ली सरकार पर सवाल उठाते हुए लिखा —

“दिल्ली के BD मार्ग स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में भीषण आग लगी है। सभी निवासी राज्यसभा सांसद हैं। इमारत संसद भवन से 200 मीटर की दूरी पर है। 30 मिनट से कोई दमकल विभाग नहीं आया है। आग अभी भी जल रही है और बढ़ती जा रही है। बार-बार कॉल करने के बावजूद दमकल गाड़ियां गायब हैं। दिल्ली सरकार कुछ तो शर्म करो।”

सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आसपास के सांसद आवासों को खाली कराया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *