सलोनी तिवारी: कानपुर: दीपावली और धनतेरस के मौके पर शहर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात विभाग ने विशेष रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह ने बताया कि 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक रोजाना सुबह 1:00 बजे से रात 12:00 बजे तक यह रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस टीम लगातार निगरानी रखेगी। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 9305104340 या ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9305104387 पर संपर्क कर सकते हैं।
इन रास्तों पर रहेगा रूट डायवर्जन:
-
फूलबाग चौराहा से बिरहाना रोड केवल सर्राफा बाजार के वाहनों के लिए खुला रहेगा। सवारी उतारने के बाद सभी वाहन सिरकी मोहाल चौकी से एक्सप्रेस रोड होते हुए नरोना चौराहा या फूलबाग पार्किंग की ओर जाएंगे।
-
भीड़ अधिक होने पर फूलबाग से बिरहाना रोड की तरफ किसी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा।
-
घंटाघर से बिरहाना रोड की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा, सभी वाहन एक्सप्रेस रोड होकर ही जाएंगे।
-
नयागंज/दवा मार्केट के वाहन सिरकी मोहाल चौकी से एक्सप्रेस रोड होते हुए जा सकेंगे।
-
जेड स्क्वायर मॉल पर भीड़ की स्थिति में मेघदूत तिराहा से बड़े चौराहा तक केवल दोपहिया वाहन ही जा सकेंगे।
-
कोतवाली चौराहा से मूलगंज, रामबाग चौराहा से पी रोड, और जरीब चौकी से सीसामऊ की तरफ पी रोड तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
-
कल्याणपुर क्रॉसिंग से पनकी, सीएनजी पेट्रोल पंप से कल्याणपुर, और पनकी नहर से बड़े वाहन की आवाजाही पर रोक रहेगी।
-
गोविंद नगर मार्केट की तरफ चावला मार्केट, मलिक पेट्रोल पंप सीटीआई तिराहा और भोला डेरी से चार पहिया वाहनों का प्रवेश नहीं होगा।
यहां रहेगी पार्किंग की व्यवस्था:
-
फूलबाग अंडरग्राउंड पार्किंग
-
मल्टी स्टोरी पार्किंग, पनचक्की
-
एलआईसी बिल्डिंग पार्किंग
-
क्रिस्टल पार्किंग, कारसेट चौराहा
-
न्यू बसंत टॉकीज के पीछे सेंट्रल पार्क
यातायात विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें, ताकि दीपावली और धनतेरस का त्यौहार सुरक्षित और सुचारू रूप से मनाया जा सके।

