कानपुर: डीसीपी मुख्यालय एसएम कासिम सिद्दकी के निर्देशन में गुरुवार दोपहर जेड स्क्वायर मॉल में आतंकी हमले की माकड्रिल कराई गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए एक काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें दो आतंकी मॉल में घुस आते हैं और घूमने आए अनुराधा व राहुल को गन प्वाइंट पर बंधक बना लेते हैं।
घटना के सिमुलेशन के बाद मॉल में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच जाती है। कुछ ही देर में डीसीपी मुख्यालय, एडीसीपी डॉ. अर्चना सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली जगदीश पांडेय और एटीएस प्रशिक्षण प्राप्त पुलिस कमांडो मौके पर पहुंच जाते हैं। प्रवेश द्वार पर स्मोक फायर कर चारों ओर धुंध का माहौल बना दिया जाता है।
कमांडो टीम ने मौके का फायदा उठाकर भीतर प्रवेश किया और तत्परता से दोनों आतंकियों को दबोच लिया। इस माकड्रिल के दौरान पूरे ऑपरेशन की बारीक निगरानी की गई। मॉल में मौजूद लोगों ने कहा कि ड्रिल इतनी वास्तविक लगी कि ऐसा महसूस हुआ जैसे वास्तव में आतंकी पकड़े जा रहे हों।
डीसीपी एसएम कासिम सिद्दकी ने बताया कि इस माकड्रिल का उद्देश्य पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और मॉल की सुरक्षा प्रणाली की जांच करना था ताकि किसी भी आपात स्थिति में बेहतर तालमेल के साथ कार्रवाई की जा सके।

