रेलवे की नई पहल: अब यात्रियों को मिलेंगे कंबल के साथ स्वच्छ कवर भी !

सलोनी तिवारी: नई दिल्ली, 16 अक्टूबर 2025 – भारतीय रेलवे ने यात्रियों की स्वच्छता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई पहल की शुरुआत की है। अब से लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों को दिए जाने वाले कंबलों के साथ कवर भी प्रदान किया जाएगा। इस पहल की घोषणा माननीय रेल मंत्री द्वारा की गई, जिसमें उन्होंने कहा कि यह कदम यात्रियों की वर्षों पुरानी चिंता को दूर करने की दिशा में एक बड़ा बदलाव है।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और आने वाले समय में देशभर के सभी स्टेशनों पर यह मॉडल लागू किया जाएगा. उनका कहना था कि रेलवे अब यात्रियों की जरूरतों को समझकर “यात्रा अनुभव को आधुनिक और भरोसेमंद” बनाने की दिशा में काम कर रहा है.

रेल मंत्री ने बताया कि यात्रियों के मन में लंबे समय से यह संशय बना हुआ था कि क्या रेलवे के कंबल स्वच्छ और सुरक्षित हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कंबल के लिए विशेष कवर देने का निर्णय लिया है, जिसे हर यात्रा के बाद साफ किया जाएगा और अगली यात्रा में पुनः उपयोग में लाया जाएगा।

रेल मंत्री ने कहा, “भारतीय रेलवे केवल गंतव्य तक पहुंचाने का साधन नहीं है, बल्कि यह एक अनुभव है, और हम इस अनुभव को स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। कंबल कवर की यह पहल यात्रियों को मानसिक शांति देने का कार्य करेगी।”

यह पहल भारतीय रेलवे की स्वच्छता और यात्री संतुष्टि की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है, जो “स्वच्छ भारत मिशन” को भी आगे बढ़ाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *