दीपावली से पहले शिक्षकों को बड़ा तोहफा: 1641 शिक्षकों के ट्रांसफर आदेश जारी, लखनऊ में भी 100 से ज्यादा तबादले

सलोनी तिवारी:  लखनऊ: दीपावली से पहले माध्यमिक शिक्षा विभाग के एडेड स्कूलों के शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। पिछले साढ़े तीन महीने से ट्रांसफर का इंतजार कर रहे 1641 शिक्षकों को आखिरकार तबादले का तोहफा मिल गया है। मंगलवार देर रात विभाग की ओर से ट्रांसफर आदेश जारी कर दिए गए।

माना जा रहा था कि इस सत्र में अब ट्रांसफर नहीं होंगे, लेकिन विभाग ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए बीच सत्र में ही 1641 ट्रांसफर एक साथ कर दिए। इनमें अकेले राजधानी लखनऊ के करीब 100 शिक्षक शामिल हैं।

जून से चल रहा था इंतजार

जून माह में ऑनलाइन ट्रांसफर लिस्ट जारी होने के बाद से ही शिक्षकों में असमंजस की स्थिति थी। अधिकांश को उम्मीद नहीं थी कि ऑफलाइन ट्रांसफर होंगे।
पिछले दिनों शिक्षक हजरतगंज स्थित निदेशक महेंद्र देव के कैंप कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। इसके बाद एडी माध्यमिक सुरेंद्र कुमार तिवारी ने शिक्षकों को आश्वासन दिया था कि दीपावली से पहले लिस्ट जारी की जाएगी।

फाइलें अगस्त तक बढ़वाई गईं

जिलों में लंबित फाइलों को पूरा कराकर प्रयागराज भेजने की अंतिम तिथि अगस्त तक बढ़ाई गई थी।
शिक्षकों ने मंत्री गुलाब देवी के आवास पर भी धरना प्रदर्शन किया था। इसके बाद मंत्री ने वादा किया था कि दीपावली से पहले ट्रांसफर लिस्ट जारी होगी — और वही वादा अब पूरा हुआ है।

 कम बच्चों वाले कॉलेजों में भी तबादले

जानकारी के अनुसार, ऐसे कई कॉलेजों में भी ट्रांसफर किए गए हैं जहां केवल 4 से 40 तक बच्चे ही हैं। बुधवार तक पूरी सूची अपलोड या व्यक्तिगत रूप से जारी होने के बाद यह साफ हो जाएगा कि किस जिले में कितने ट्रांसफर हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *