सलोनी तिवारी: सिनेमा जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता पंकज धीर का 68 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। 15 अक्टूबर को उन्होंने मुंबई में आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे फिल्म उद्योग में शोक की लहर दौड़ गई है।
निर्देशक बी. आर. चोपड़ा की ऐतिहासिक धारावाहिक ‘महाभारत’ में कर्ण की भूमिका निभाकर पंकज धीर ने अमर पहचान बनाई थी। यह किरदार आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है। उनकी गंभीर आवाज़, दमदार संवाद और भावनात्मक अभिनय ने उन्हें दर्शकों का चहेता बना दिया था।
टीवी से लेकर फिल्मों तक, पंकज धीर ने अपने अभिनय से एक अलग छाप छोड़ी थी। उन्होंने कई लोकप्रिय फिल्मों और धारावाहिकों में काम किया। उनके बेटे निकितिन धीर भी बॉलीवुड में सक्रिय अभिनेता हैं।
पंकज धीर के निधन की खबर ने उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। सोशल मीडिया पर फैन्स और सेलिब्रिटीज़ उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके यादगार किरदारों को याद कर रहे हैं।


