अलीगढ़ में सांड का कहर: दो की मौत, छह घायल — रेबीज संक्रमित सांड ने मचाया उत्पात, प्रशासन सतर्क

सलोनी तिवारी:अलीगढ़। सोमवार को सांड के आतंक ने लोगों में दहशत फैला दी। गांधी पार्क और क्वार्सी थाना क्षेत्र में एक उग्र सांड ने सड़क पर उत्पात मचाया और राह चलते लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। बाद में सांड की भी मौत हो गई।जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सांड रेबीज से ग्रस्त था। अचानक सांड ने लोगों पर हमला करना शुरू किया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। रेबीज के कारण बाद में सांड की भी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।डीएम ने बताया कि नगर निगम और पशु चिकित्सा विभाग को आवारा पशुओं की निगरानी और नियंत्रण के लिए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल गौशालाओं से किसी भी सांड के बाहर निकलने की शिकायत नहीं मिली है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांड ने डोरी नगर से लेकर ज्ञान सरोवर तक कई लोगों को निशाना बनाया। सांड की तेज रफ्तार और आक्रामकता देखकर लोग इधर-उधर भागने लगे। उसने कई राहगीरों को सींगों से उठाकर पटक दिया। एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि लोग सड़क किनारे ठेले पर खड़े हैं और अचानक सांड आकर एक युवक को हवा में उछाल देता है।

जिलाधिकारी के अनुसार, सांड के हमले में नगला तिकोना निवासी ध्रुव पाल और बरोला फाटक निवासी भोला की मौत हुई है। भोला आटा मांगने का काम करते थे और रोज की तरह सोमवार सुबह घर से निकले थे। रास्ते में सांड ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मलखान सिंह जिला अस्पताल के डॉक्टर अमित सिंह ने बताया कि भोला को मृत अवस्था में लाया गया था। वहीं गांधी पार्क थाना क्षेत्र के मानसरोवर कॉलोनी में दूध लेने गए एक व्यक्ति पर भी सांड ने हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज जेएन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।


AMD न्यूज़ पोर्टल – महिलाओं के सशक्तिकरण, धार्मिक व सामाजिक सरोकारों को समर्पित आपका भरोसेमंद डिजिटल मंच।
न्यूज़ एजेंसी व विज्ञापन हेतु संपर्क करें ! 087078 05733

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *