अयोध्या में जोरदार धमाका: मकान ढहा, 5 की मौत – कई लोगों के दबे होने की आशंका

सलोनी तिवारी: अयोध्या, 9 अक्टूबर 2025 — कानपुर के बाद अब रामनगरी अयोध्या में भी जोरदार विस्फोट की खबर सामने आई है। पूरा कलंदर थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर स्थित पगला भारी गांव में गुरुवार देर शाम जोरदार धमाका हुआ, जिससे एक मकान पूरी तरह ढह गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। बुलडोजर की मदद से मलबे को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

सूत्रों के अनुसार, धमाका घर में एलपीजी गैस सिलेंडर लीक होने की वजह से हुआ हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास के घरों को भी खाली कराने के निर्देश जारी किए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

यह घटना अयोध्या जैसे संवेदनशील शहर में सुरक्षा और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।


AMD न्यूज़ पोर्टल – महिलाओं के सशक्तिकरण, धार्मिक व सामाजिक सरोकारों को समर्पित आपका भरोसेमंद डिजिटल मंच।
न्यूज़ एजेंसी व विज्ञापन हेतु संपर्क करें ! 087078 05733

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *