बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने एसीपी कोतवाली को भी पद से हटा दिया, थाना प्रभारी सहित 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया

सलोनी तिवारी: मूलगंज थाना क्षेत्र स्थित मिश्री बाजार में बुधवार देर शाम हुए विस्फोट के मामले में जांच तेज़ हो गई है। गुरुवार सुबह ATS और क्राइम ब्रांच की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के मकानों को भी खंगाला। पुलिस ने अब तक की जांच में करीब 3 क्विंटल पटाखा व विस्फोटक बरामद किए हैं।

बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने थाना प्रभारी सहित 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है, जबकि 12 दुकानदारों पर अवैध विस्फोटक रखने के आरोप में कार्रवाई की गई है। इस बीच, पूरी मार्केट को बंद कर दिया गया है और विस्फोट क्षेत्र को सील कर दिया गया है।

विस्फोट की जगह पर खड़ी थीं दो स्कूटी, एक निकली चोरी की

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि विस्फोट अब्दुल्ला की दुकान के सामने खड़ी दो स्कूटियों में हुआ। नीले रंग की एक स्कूटी, जो 31 मार्च 2023 को हमराज़ कॉम्प्लेक्स से चोरी हुई थी, विस्फोट में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यह स्कूटी भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र रस्तोगी की थी। दूसरी स्कूटी होजरी कारोबारी अश्विनी कुमार की थी, जो मौके पर पटाखे लेने पहुंचे थे और विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गए।

सीसीटीवी फुटेज में पटाखा जलने के स्पष्ट दृश्य मिले हैं, जिसकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है। घटना में 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 4 की हालत गंभीर है और उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। शेष घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि यह कोई आतंकी घटना नहीं है, बल्कि यह अवैध पटाखों के भंडारण से हुई दुर्घटना है। उन्होंने यह भी बताया कि घटनास्थल के पास एक गोदाम में ढाई से तीन क्विंटल विस्फोटक सामग्री और एक क्विंटल से अधिक पटाखे मिले हैं।

जांच जारी, अवैध कारोबार पर कसेगा शिकंजा- घटना के बाद एसीपी कोतवाली को भी पद से हटा दिया गया है। ATS, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक विभाग की टीमों द्वारा संयुक्त जांच की जा रही है। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन अब मिश्री बाजार क्षेत्र में चल रहे अवैध पटाखा कारोबार और विस्फोटक भंडारण की चेन को तोड़ने की दिशा में कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

पुलिस आयुक्त की अपील: “यह घटना किसी भी तरह से आतंकी गतिविधि से संबंधित नहीं है। लोग अफवाहों से बचें और सहयोग करें। अवैध विस्फोटक रखने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *