कानपुर के मिश्री बाजार में दो स्कूटी में जोरदार धमाका

सलोनी तिवारी: कानपुर। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे मूलगंज थाना क्षेत्र के मिश्री बाजार में मरकस वाली मस्जिद के पास जोरदार धमाका होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज आधे किलोमीटर दूर तक सुनी गई। अचानक हुए विस्फोट से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए सड़क पर दौड़ पड़े।

धमाके की तीव्रता इतनी थी कि आसपास की दुकानों और घरों की दीवारों में दरारें आ गईं, जबकि कई घरों के शीशे टूट गए। जानकारी के अनुसार, व्यापारी अब्दुल की प्लास्टिक की दुकान के बाहर खड़ी दो स्कूटी में यह धमाका हुआ। इस दौरान खरीदारी करने आए 6 से अधिक लोगों के  घायल होने की सूचना है। घायलों को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

धमाके के बाद पूरे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। मौके पर मूलगंज सहित कई थानों की पुलिस फोर्स, बम स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। सुरक्षा कारणों से बाजार को खाली कराया गया है और ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है।

जॉइंट सीपी ने बताया कि इस हादसे में छह लोग घायल हुए हैं, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर है। धमाके के बाद आसपास की कई दुकानों के शीशे टूट गए और एक दुकान की फॉल्स सीलिंग गिर गई।

पुलिस को मौके से दो स्कूटियों के नंबर मिले हैं, जिनके मालिकों से पूछताछ की जाएगी ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके की आवाज और तीव्रता देखकर ऐसा लग रहा था जैसे किसी सिलेंडर या प्रभावी पटाखों में विस्फोट हुआ हो। हालांकि, पुलिस अभी इस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए बम स्क्वायड की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *