कानपुर सेंट्रल पर बड़ा हादसा टला: नेताजी एक्सप्रेस में चढ़ते वक्त महिला फिसली, RPF दरोगा ने बचाई जान

सलोनी तिवारी: कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। नेताजी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12312) में चढ़ने के दौरान एक महिला अचानक प्लेटफॉर्म पर गिर गई, लेकिन मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के दरोगा और यात्रियों की सतर्कता से महिला की जान बच गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें यह खौफनाक पल कैद हो गया।

 कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, शनिवार को नेताजी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंची थी। इस ट्रेन के बी2 कोच में सवार महिला प्रदीप्ता चक्रबर्ती (50) खाने का सामान लेने के लिए नीचे उतरी थीं। ट्रेन के प्लेटफॉर्म से चलने पर उन्होंने जल्दबाज़ी में ट्रेन पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तभी उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गईं।

 दरोगा शिव नरेश यादव ने बचाई जान: 

इस दौरान प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे RPF दरोगा शिव नरेश यादव और कुछ यात्रियों ने तुरंत दौड़कर महिला को ट्रेन के नीचे जाने से पहले खींच लिया। दरोगा की सूझबूझ और तेज़ कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने दरोगा की बहादुरी की सराहना की।

महिला को आई मामूली चोट: महिला को हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिलवाया और फिर दूसरी ट्रेन से हावड़ा के लिए रवाना कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रदीप्ता चक्रबर्ती पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं और चंडीगढ़ से हावड़ा जा रही थीं।

वायरल हुआ वीडियो: इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि महिला जैसे ही फिसलती हैं, दरोगा समय रहते उन्हें खींच लेते हैं। कुछ सेकंड की देरी होती तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।


AMD न्यूज़ पोर्टल – महिलाओं के सशक्तिकरण, धार्मिक व सामाजिक सरोकारों को समर्पित आपका भरोसेमंद डिजिटल मंच।
न्यूज़ एजेंसी व विज्ञापन हेतु संपर्क करें ! 087078 05733

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *