सलोनी तिवारी: मुंबई: मौसम विभाग (आईएमडी) ने महाराष्ट्र के तटीय और आंतरिक हिस्सों के लिए चक्रवात ‘शक्ति’ की चेतावनी जारी की है। यह चक्रवात 4 से 7 अक्टूबर के बीच असर दिखाएगा। मौसम विभाग के अनुसार मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में तेज हवाओं और भारी वर्षा की संभावना है।
आईएमडी ने बताया कि 4 से 5 अक्टूबर के बीच उत्तरी महाराष्ट्र तट पर 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो बाद में 65 किमी प्रति घंटे तक बढ़ सकती हैं। समुद्र की स्थिति भी बेहद खराब रहेगी। इस दौरान मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
चक्रवात ‘शक्ति’ के चलते पूर्वी विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। वहीं, घने बादल और वातावरण में नमी के कारण उत्तरी कोंकण के निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका जताई गई है।
महाराष्ट्र सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट रहने और आपदा प्रबंधन प्रणालियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन को निकासी योजनाएं तैयार रखने, निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और सार्वजनिक परामर्श जारी करने के लिए कहा गया है।
आईएमडी ने यह भी बताया कि 5 से 7 अक्टूबर तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भारी वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना है। इसकी चरम तीव्रता 6 अक्टूबर को देखी जाएगी। इस दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।
लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।


