सलोनी तिवारी: बॉलीवुड एक्टर विशाल जेठवा इन दिनों अपनी नई फिल्म होमबाउंड को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म रिलीज़ के बाद उनकी दमदार एक्टिंग की हर जगह तारीफ हो रही है। दर्शकों से लेकर फिल्म क्रिटिक्स तक सभी ने उनके काम को सराहा है। यही वजह है कि कई लोग उन्हें दिवंगत महान अभिनेता इरफान खान से तुलना करने लगे हैं।
हाल ही में मुंबई में होमबाउंड की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई थी, जहां रेड कार्पेट पर विशाल जेठवा भावुक होकर रो पड़े। इस दौरान उनकी मां ने उन्हें संभाला। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और फैंस ने उन्हें ‘नेक्स्ट इरफान खान’ कहना शुरू कर दिया।
इसी बीच द हिंदू को दिए एक इंटरव्यू में विशाल जेठवा ने इस तुलना पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,
“किसी ने मुझे लिखा- ‘विशाल जेठवा, अगला इरफान खान।’ यह पढ़कर मैं हैरान रह गया। दिल से अच्छा लगा, लेकिन इतना बड़ा नाम सुनकर डर भी लगा। मुझे नहीं लगता कि मैं इस स्तर की तुलना के योग्य हूं। यह सम्मान मेरे लिए बहुत बड़ा है, लेकिन इसे स्वीकार करना मेरे लिए आसान नहीं है।”
विशाल ने आगे कहा कि वे आमतौर पर सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हैं, लेकिन इस बार वे ऐसा नहीं कर पाए।
फिल्म होमबाउंड की सफलता के बाद यह साफ हो गया है कि विशाल जेठवा इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने में सफल हो रहे हैं। हालांकि, वे खुद को अभी भी एक सीखने वाले कलाकार के रूप में देखते हैं और चाहते हैं कि उनकी तुलना किसी और से नहीं बल्कि उनके अपने काम से की जाए।

