सलोनी तिवारी: उत्तर प्रदेश की संभल और हापुड़ पुलिस ने देश के अब तक के सबसे बड़े बीमा फ्रॉड का खुलासा किया है। मेरठ का रहने वाला विशाल सिंघल (उम्र 50 वर्ष) साधारण दिखने वाला शख्स दरअसल सीरियल किलर निकला। पुलिस के मुताबिक विशाल ने मां, पिता और पत्नी की हत्या सिर्फ बीमा क्लेम हासिल करने के लिए कर दी। अब तक वह 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की बीमा राशि हड़प चुका है। इस मामले में 28 सितंबर को हापुड़ पुलिस ने विशाल और उसके साथी सतीश को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि यह गैंग 12 राज्यों में सक्रिय है और 100 करोड़ से ज्यादा का बीमा फ्रॉड कर चुका है।
बीमा के लिए 3 कत्ल – मां, पत्नी और पिता की हत्या
एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा ने बताया कि विशाल सिंघल ने साल 2017 से 2024 के बीच तीन हत्याएं कीं।
-
2017 में मां प्रभा देवी की हत्या कर हादसा दिखाया और 25 लाख रुपये का बीमा क्लेम लिया।
-
2022 में तीसरी पत्नी एकता सिंघल की हत्या कर 80 लाख रुपये का बीमा क्लेम हासिल किया।
-
2024 में पिता मुकेश चंद्र सिंघल की हत्या की, जिनके नाम पर 64 बीमा पॉलिसियां थीं, जिनकी कीमत 50 करोड़ रुपये से अधिक थी।
चौथी पत्नी ने खोला राज
विशाल की चौथी पत्नी श्रेया ने 2 महीने पहले पुलिस से शिकायत की थी। उसने बताया कि उसके पति ने उसके नाम से भी 3 करोड़ का बीमा कराया है और उसे शक है कि उसकी भी हत्या की जा सकती है। इसी शिकायत के बाद पुलिस की जांच शुरू हुई और कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।
साधारण परिवार कैसे भर रहा था बीमा प्रीमियम?
विशाल का परिवार मध्यमवर्गीय था। पिता की फोटो स्टूडियो और फोटोकॉपी की दुकान थी, जबकि विशाल बेरोजगार था। सवाल उठा कि वह सालाना 30 लाख रुपये प्रीमियम कैसे भर रहा था?
पुलिस जांच में सामने आया कि पिता की मौत के बाद विशाल ने चार लग्जरी गाड़ियां और एक बुलेट खरीदी। एक कंपनी की कार छोड़कर बाकी गाड़ियां बाद में बेच दीं।
बीमा माफिया का खतरनाक फॉर्मूला
पुलिस जांच में पता चला कि गिरोह का तरीका बेहद खतरनाक था –
-
पहले बड़े अमाउंट की बीमा पॉलिसियां कराना।
-
प्रीमियम जमा करना।
-
हत्या कर हादसे की कहानी बनाना।
-
पोस्टमार्टम और दस्तावेजों में हेरफेर कर क्लेम पास कराना।


