उन्नाव : सरस्वती टाकीज में भीषण आग, अफरातफरी मची, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई

सलोनी तिवारी:  उन्नाव। गंगाघाट क्षेत्र स्थित सरस्वती टाकीज में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसा सुबह लगभग 10:45 बजे हुआ, जब 12 बजे का शो शुरू होने से सवा घंटे पहले अचानक आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पर्दे, कुर्सियां और पूरा हॉल आग की लपटों से घिर गया।

घटना के समय टाकीज में कर्मचारी मौजूद थे जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अंदर लगी कुर्सियों की रैक्सीन और प्लास्टिक के पर्दे जलने से धुएं का गुबार पूरे हाल और आसपास में फैल गया। मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां पहुंचीं और स्थानीय लोगों ने भी सबमर्सिबल चलाकर आग बुझाने में सहयोग किया। लगभग पौने 11 बजे लगी आग पर दोपहर 2 बजे तक काबू पा लिया गया।

पुलिस और दमकल विभाग के त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते कोई जनहानि नहीं हुई। गांगाघाट कोतवाल अजय सिंह ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है।

हादसे के चलते राजधानी मार्ग पर भीषण जाम लग गया, जिसे पुलिस ने एकतरफा रास्ता खोलकर नियंत्रित किया। टाकीज मालिक गोपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे, लेकिन कुछ देर रुकने के बाद वापस लौट गए। इस हादसे में टाकीज मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

गनीमत रही कि शो शुरू होने से पहले ही आग लग गई, वरना दर्शकों की मौजूदगी में बड़ा हादसा हो सकता था।


AMD न्यूज़ पोर्टल – महिलाओं के सशक्तिकरण, धार्मिक व सामाजिक सरोकारों को समर्पित आपका भरोसेमंद डिजिटल मंच।
न्यूज़ एजेंसी व विज्ञापन हेतु संपर्क करें !
मार्केटिंग स्टाफ की आवश्यकता ! 087078 05733

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *