दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में एशिया कप 2025 का महामुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है।
भारतीय टीम ने इस मैच में तीन बदलाव किए हैं। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोटिल होने की वजह से बाहर हैं, उनकी जगह रिंकू सिंह को मौका मिला है। वहीं, जसप्रीत बुमराह और शिवम दुबे की टीम में वापसी हुई है। श्रीलंका के खिलाफ पिछले मैच में खेले अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को बाहर बैठना पड़ा है।
दूसरी तरफ पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है और वही टीम मैदान पर उतरी है जिसने पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन किया था।
गौरतलब है कि एशिया कप के इतिहास में यह एक ऐतिहासिक पल है, क्योंकि बीते 41 सालों में खेले गए 17 संस्करणों में यह पहली बार है जब भारत और पाकिस्तान खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगे।
इस मेगा फाइनल से पहले भारतीय युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और स्पिनर कुलदीप यादव ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों की नींद उड़ा रखी है। पाकिस्तान के ड्रेसिंग रूम में लगातार चर्चा हो रही है कि आखिर अभिषेक को कैसे रोका जाए और कुलदीप की स्पिन का कैसे सामना किया जाए।
दुबई स्टेडियम में भारी संख्या में दर्शक पहुंचे हैं और पूरा माहौल क्रिकेट के इस महामुकाबले से सराबोर हो चुका है। दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस रोमांचक फाइनल पर टिकी हुई हैं।

