कानपुर में बेकाबू गाय का हमला: बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ वार, CCTV में कैद हुई वारदात

सलोनी तिवारी:  कानपुर के कल्याणपुर इलाके में  एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक बेकाबू गाय ने बुजुर्ग पर अचानक हमला कर दिया। गाय ने बुजुर्ग को दौड़ा-दौड़ाकर पहले गिराया और फिर लगातार करीब एक मिनट तक सींग और पैरों से वार करती रही। इस घटना का वीडियो पास के CCTV कैमरे में कैद हो गया है, जो अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर के अंबेडकरपुरम सेक्टर-4 निवासी राजीव राव (65 वर्ष) रोजाना की तरह  टहलने के लिए घर से निकले थे। थोड़ी ही दूरी पर पहुंचने पर एक गाय अचानक उन पर टूट पड़ी। पहले तो राजीव राव ने भागकर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन गाय ने पीछा कर सींग मारते हुए उन्हें जमीन पर गिरा दिया।

गिरने के बाद भी गाय लगातार उन्हें पैरों से रौंदती रही और सींग से मारती रही। पास खड़े लोग मदद के लिए दौड़े और डंडे व डंडों की मदद से गाय को हटाने की कोशिश करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब पांच लोग मिलकर गाय को हटाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन गाय हटने को तैयार नहीं थी। बड़ी मशक्कत के बाद राजीव राव को खींचकर सुरक्षित निकाला गया।

घायल अवस्था में मौजूद लोग उन्हें पास से गुजर रहे एक ई-रिक्शा में डालकर कल्याणपुर स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, राजीव राव को कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *