रोटरी क्लब ऑफ कानपुर एवं ISKCON कानपुर में “पथ प्रदर्शक” कार्यक्रम आयोजित, श्रीमद्भगवद्गीता से सीखे नेतृत्व के पाठ

सलोनी तिवारी: रोटरी क्लब ऑफ कानपुर (स्थापित 1943) द्वारा रविवार, 14 सितम्बर 2025 को श्री श्री राधा माधव मंदिर, ISKCON कानपुर (मैनावती मार्ग, बिठूर रोड) में “पथ प्रदर्शक” कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही श्रद्धाभाव एवं गरिमा के साथ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ आरती एवं छप्पन भोग से हुआ। इसके पश्चात इस्कॉन कानपुर मंदिर अध्यक्ष श्रीमान प्रेम हरिनाम प्रभु जी ने “श्रीमद्भगवद्गीता से नेतृत्व के पाठ” विषय पर प्रेरणादायी व्याख्यान प्रस्तुत किया।

उन्होंने गीता के श्लोकों के माध्यम से यह बताया कि एक सच्चा नेता वही है जो विनम्रता, सहनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समाज में परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है। प्रभु जी ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि आध्यात्मिकता और नेतृत्व का संगम ही वास्तविक जीवन में सफलता और संतुलन की कुंजी है।

इस अवसर पर विशेष महत्व इसलिए भी रहा क्योंकि 14 सितम्बर को इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद के अमेरिका आगमन की 60वीं वर्षगांठ भी थी। कार्यक्रम के दौरान उनके महान योगदानों और भारतवर्ष से विश्व तक आध्यात्मिक प्रचार-प्रसार के लिए किए गए अद्वितीय प्रयासों को याद किया गया।

आयोजन के दौरान समाज में आध्यात्मिक दिशा देने वाले गुरुजनों को “पथ प्रदर्शक सम्मान” से अलंकृत किया गया। समापन पर सभी भक्तों एवं उपस्थित अतिथियों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *