सलोनी तिवारी: रूस के कामचटका क्षेत्र में शनिवार को 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वे (USGS) ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि भूकंप का केंद्र क्षेत्र के पूर्वी तट के पास था। फिलहाल किसी भी तरह के नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है, लेकिन अधिकारी संभावित सुनामी खतरे को लेकर स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
यह भूकंप उसी इलाके में आया है जहां जुलाई में 8.8 तीव्रता का भीषण भूकंप दर्ज किया गया था। उस समय पूर्वी रूस सहित जापान, अमेरिका और प्रशांत महासागर से सटे कई द्वीप देशों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी।
USGS के अनुसार, जुलाई में आया 8.8 तीव्रता का भूकंप पिछले 14 वर्षों में दुनिया का सबसे शक्तिशाली और अब तक का छठा सबसे बड़ा भूकंप था। उस झटके से पूरे क्षेत्र में तेज कंपन महसूस किया गया और समुद्री इलाकों में व्यापक सतर्कता बरती गई थी।
कामचटका क्षेत्र प्रशांत महासागर के “रिंग ऑफ फायर” का हिस्सा है, जो भूकंपीय गतिविधियों और ज्वालामुखीय विस्फोटों के लिए जाना जाता है। लगातार आ रहे शक्तिशाली भूकंप इस क्षेत्र की संवेदनशीलता और खतरे को और स्पष्ट कर रहे हैं।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

