अयोध्या पहुंचे मॉरीशस के प्रधानमंत्री: रामलला के किए दर्शन

सलोनी तिवारी: अयोध्या। मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र राम गुलाम शुक्रवार को परिवार सहित रामनगरी अयोध्या पहुंचे और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन किए। करीब 45 मिनट तक मंदिर परिसर में रुककर उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए और राम जन्मभूमि परिसर का भ्रमण भी किया।

दर्शन-पूजन के बाद प्रधानमंत्री मॉरीशस महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें समारोहपूर्वक विदाई दी। इसके बाद डॉ. राम गुलाम अयोध्या से देहरादून के लिए रवाना हो गए।

इससे पहले वह वाराणसी में तीन दिन के प्रवास पर रहे। वहां धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शुक्रवार को विशेष विमान से अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया।

सीएम योगी स्वयं उन्हें लेकर राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे और दर्शन की व्यवस्था कराई।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई थी। इस दौरान पीएम मोदी ने मॉरीशस के साथ हर क्षेत्र में भारत की सहभागिता सुनिश्चित करने और दोनों देशों की मित्रता को और गहरा करने की घोषणा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *