सलोनी तिवारी: कानपुर, 8 सितंबर 2025। विजय नगर स्थित सरस्वती बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज में सोमवार को भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती मधुर द्विवेदी जी के कुशल निर्देशन में किया गया।
इस अवसर पर कानपुर की महापौर श्रीमती प्रमिला पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय के डायरेक्टर श्री श्याम जी निगम, श्रीमती वंदना निगम, श्री वैभव निगम और श्री हर्ष निगम ने कार्यक्रम में विशेष भूमिका निभाते हुए शिक्षकों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में शिक्षकों के धैर्य, समर्पण और विश्वास की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक ही वह शक्ति हैं, जिनकी प्रेरणा से छात्र विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने और जीवन की चुनौतियों से लड़ने का साहस प्राप्त करते हैं।

समारोह में विद्यार्थियों ने भी अपनी भावनाएं प्रस्तुत कीं। बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, कविता पाठ और नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियों ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
विद्यालय प्रशासन और उपस्थित जनों ने शिक्षकों को समाज के मार्गदर्शक और राष्ट्र निर्माता बताते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।


