सलोनी तिवारी: अयोध्या। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे और उनकी पत्नी के दर्शन एवं प्रार्थना करने पर खुशी व्यक्त की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा—
“प्रधानमंत्री तोबगे और उनकी पत्नी को अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में प्रार्थना करते देखकर बहुत अच्छा लगा। प्रभु श्री राम के आदर्श दुनिया भर में लाखों लोगों को शक्ति और प्रेरणा देते हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी के इस संदेश को देश-विदेश में व्यापक सराहना मिल रही है। इससे न केवल भारत और भूटान के आपसी संबंधों की गहराई झलकती है बल्कि यह भी स्पष्ट होता है कि भगवान श्रीराम की मर्यादा, आदर्श और शिक्षाएं सीमाओं से परे जाकर पूरी दुनिया को प्रेरणा देती हैं।
गौरतलब है कि अयोध्या में हाल ही में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का भव्य उद्घाटन हुआ है और देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आ रहे हैं। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे और उनकी पत्नी का यह दौरा भारत-भूटान संबंधों में सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को और प्रगाढ़ करता है।

