सलोनी तिवारी: सरकार ने जीएसटी (GST) की दरों में बड़ा बदलाव किया है। घरेलू इस्तेमाल की चीजों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम्स तक की कीमतों में अब भारी गिरावट देखने को मिलेगी। नई दरें 22 सितंबर से लागू होंगी और दिवाली की शॉपिंग के दौरान लोग कम हुई कीमतों का फायदा उठा सकेंगे। इस फैसले के बाद स्मार्ट टीवी, एसी, डिशवॉशर जैसे कई प्रोडक्ट्स सस्ते हो जाएंगे।
लेकिन, कई लोगों के मन में यह सवाल है कि क्या ऐप्पल, सैमसंग और अन्य कंपनियों के स्मार्टफोन भी सस्ते होंगे?
क्या स्मार्टफोन की कीमतें घटेंगी?
स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे लोगों को फिलहाल निराशा होगी। सरकार के ताजा फैसले का मोबाइल फोन्स की कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। स्मार्टफोन पर पहले 18% GST लगता था और आगे भी यही दर जारी रहेगी। यानी स्मार्टफोन की कीमतें फिलहाल कम नहीं होंगी।
दरअसल, पहले से ही यह अंदेशा जताया जा रहा था कि मोबाइल फोन पर टैक्स में कोई बदलाव नहीं होगा।
सस्ते क्यों नहीं हुए स्मार्टफोन?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स को पहले से ही पता था कि स्मार्टफोन की कीमतें घटने वाली नहीं हैं। उनका कहना है कि अगर 12% का कोई नया टैक्स स्लैब लाया जाता तो राहत मिल सकती थी। लेकिन अभी 18% से नीचे सिर्फ 5% का स्लैब है और स्मार्टफोन को इसमें शामिल करना मुश्किल था।
इंडिया सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (ICEA) ने सरकार से स्मार्टफोन को 5% स्लैब में लाने की मांग की थी। एसोसिएशन का कहना था कि स्मार्टफोन अब लोगों की जरूरत बन गए हैं और डिजिटल इंडिया मिशन के लिए यह अहम टूल है।
याद दिला दें कि जीएसटी लागू होने से पहले कई राज्य मोबाइल फोन्स को एसेंशियल गुड्स की कैटेगरी में रखते थे। 2017 में GST लागू होने के बाद स्मार्टफोन पर टैक्स 12% तय किया गया था, जिसे 2020 में बढ़ाकर 18% कर दिया गया।

