नवदीप चतुर्वेदी: दिल्ली से इंदौर जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2913 को उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही वापस दिल्ली लौटना पड़ा। विमान के कॉकपिट क्रू को दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला, जिसके बाद मानक प्रक्रिया के तहत इंजन बंद कर विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया।
एअर इंडिया प्रवक्ता ने जानकारी दी कि विमान को जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए तुरंत एक वैकल्पिक विमान उपलब्ध कराया गया है, जिससे उन्हें इंदौर भेजा जाएगा।
पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
जैसे ही कॉकपिट में आग का अलार्म बजा, विमान में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लेकिन पायलट ने तुरंत इंजन बंद कर विमान को हवा में संतुलित रखा और सुरक्षित तरीके से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया। कुछ ही मिनटों में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एअर इंडिया में लगातार तकनीकी खामियां
एअर इंडिया की उड़ानों में हाल के दिनों में तकनीकी खराबी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
-
18 अगस्त को कोच्चि से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को टेकऑफ से पहले रोकना पड़ा।
-
16 अगस्त को मिलान (इटली) से दिल्ली आने वाली फ्लाइट आखिरी समय पर रद्द कर दी गई।
इन घटनाओं के चलते यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है और एयरलाइन की सेवाओं पर सवाल उठ रहे हैं।

