इस्कॉन कानपुर में राधाष्टमी का भव्य महोत्सव 31 अगस्त को

नवदीप चतुर्वेदी: कानपुर मैनावती मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर कानपुर में आगामी 31 अगस्त, रविवार को श्रीमती राधा रानी के पवित्र प्राकट्य उत्सव राधाष्टमी का भव्य आयोजन किया जाएगा। पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान श्रीकृष्ण की ह्लादिनी शक्ति एवं नित्य संगिनी श्रीमती राधा रानी के इस प्राकट्य दिवस पर दिनभर दिव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी।

उत्सव का शुभारंभ प्रातः 4:30 बजे मंगला आरती से होगा। इसके पश्चात भक्तगण श्री श्री राधा माधव जी के आकर्षक दर्शन करेंगे, जिन्हें विशेष पुष्पों, अलंकारों और भव्य पोशाकों से सुसज्जित किया जाएगा।

कार्यक्रम में इस्कॉन उज्जैन से पधारे प्रसिद्ध कवि श्रीमान चित्तहरि कृष्ण प्रभु जी विशेष कथा प्रस्तुत करेंगे, जिसमें वे श्रीमती राधा रानी के गोपनीय तत्व पर प्रकाश डालेंगे।

सुबह 10:30 बजे वैष्णव आचार्यों की स्तुतियों एवं कीर्तन के साथ श्री श्री राधा माधव जी का 108 चांदी के कलशों से दिव्य अभिषेक संपन्न होगा। इस अवसर पर सुमधुर भजन-कीर्तन और वैष्णव गीतों से पूरा मंदिर प्रांगण गुंजायमान रहेगा।

कार्यक्रम में पधारने वाले भक्तजनों को स्वादिष्ट प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।

मंदिर अध्यक्ष श्रीमान प्रेम हरिनाम प्रभु जी ने समस्त कानपुर वासियों से इस पावन महोत्सव में सम्मिलित होकर श्रीमती राधा रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *