सलोनी तिवारी: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आज, 20 अगस्त 2025 को उनके सिविल लाइन्स स्थित सरकारी आवास पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने कथित रूप से हमला किया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ जारी है।
घटना के दौरान मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित रही और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी मंशा की जांच की जा रही है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि यह हमला मुख्यमंत्री की सुरक्षा में गंभीर चूक को दर्शाता है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच की मांग की।
वहीं, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उनका कहना था, “यदि दिल्ली की मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की क्या स्थिति होगी?”
इस घटना ने दिल्ली की राजनीतिक और सुरक्षा स्थिति पर सवाल उठाए हैं और पुलिस प्रशासन से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता को उजागर किया है।

