सलोनी तिवारी: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के लिए गंभीर मौसम अलर्ट जारी किया है। मुंबई और ठाणे को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है, जबकि रायगढ़ जिले में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। लगातार हो रही भारी बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है।
बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं, रेलवे ट्रैक डूब गए हैं और यातायात बुरी तरह से प्रभावित है। लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कई जगहों पर बिजली की आपूर्ति भी बाधित हुई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घर से बाहर निकलने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में निगरानी कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों तक मुंबई और आसपास के जिलों में तेज बारिश जारी रह सकती है।

