सलोनी तिवारी: कानपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) कानपुर शाखा में आज 15 अगस्त 2025 को 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। आईएमए भवन, जिसे ‘सेवा का मंदिर’ के रूप में जाना जाता है, देशभक्ति के रंग में रंग उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगे के ध्वजारोहण से हुई, जिसे आईएमए कानपुर शाखा की अध्यक्ष डॉ. नंदिनी रस्तोगी एवं सचिव प्रो. (डॉ.) विकास मिश्रा ने संयुक्त रूप से फहराया। इस अवसर पर आईएमए के वरिष्ठ सदस्य, डॉक्टरगण एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मिलकर राष्ट्रगान गाया और देश की अखंडता, एकता एवं प्रगति के प्रति संकल्प लिया।
समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के महान बलिदानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अपने संबोधन में डॉ. नंदिनी रस्तोगी ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद दिलाने का अवसर है।” वहीं, डॉ. विकास मिश्रा ने कहा, “एक स्वस्थ राष्ट्र ही सशक्त राष्ट्र बन सकता है, और चिकित्सकों की भूमिका इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है।”
देशभक्ति से ओत-प्रोत यह कार्यक्रम “जय हिंद” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों के साथ संपन्न हुआ। IMA कानपुर शाखा का यह आयोजन न केवल देशप्रेम का प्रतीक बना, बल्कि समाज में स्वास्थ्य और एकता के संदेश को भी प्रबलता से पहुंचाया।

