सलोनी तिवारी: उत्तर प्रदेश। रक्षाबंधन 2025 का पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, पूरे उत्तर प्रदेश में भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते को समर्पित राखी के बाजार पूरे शबाब पर हैं। हर शहर, कस्बा और गांव में बाजारों की रौनक देखते ही बन रही है। मिठाइयों की खुशबू, रंग-बिरंगी राखियों की चमक और उपहारों की वैरायटी ने त्योहार को जीवंत बना दिया है।
इस बार रक्षाबंधन शनिवार, 9 अगस्त को मनाया जाएगा। यह दिन सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर भाई-बहन के अटूट प्रेम और सुरक्षा के वचन को समर्पित है। त्योहार से पहले ही बाजारों में खरीदारी का दौर जोरों पर है। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, मेरठ, आगरा, प्रयागराज, गोरखपुर और झांसी जैसे शहरों में महिलाओं और बच्चों की भीड़ विशेष रूप से देखी जा रही है।
क्या-क्या है खास इस बार के राखी बाजार में?
इस वर्ष बाजारों में पारंपरिक राखियों के साथ-साथ भगवान राम, हनुमान, श्रीकृष्ण, कार्टून कैरेक्टर, और इको-फ्रेंडली राखियों की भरमार है। बहनों को भाई के लिए स्पेशल थीम बेस्ड राखियां मिल रही हैं, वहीं गिफ्ट शॉप्स पर भी स्मार्ट वॉच, पर्सनलाइज्ड गिफ्ट, मिठाई के डिब्बे, सूखा मेवा और कपड़ों की विशेष बिक्री हो रही है।
स्थानीय महिलाओं को भी मिला रोजगार:
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्वयं सहायता समूहों और महिला स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा हस्तनिर्मित राखियों की बिक्री से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में महिला समूहों द्वारा बनाई गई राखियों को अच्छी मांग मिल रही है।
सरकार की ओर से विशेष सुविधा:
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस बार रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को 8 अगस्त सुबह 6 बजे से 10 अगस्त रात 12 बजे तक रोडवेज व नगरीय बस सेवाओं में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है। इस पहल से हजारों बहनें अपने भाइयों के पास जाकर राखी बाँधने में समर्थ हो सकेंगी।
ट्रैफिक और सुरक्षा के खास इंतज़ाम:
त्योहार को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण की खास व्यवस्था की गई है ताकि आम जनता को कोई असुविधा न हो।

