नवदीप चतुर्वेदी : कानपुर शहर में शुक्रवार को एक अजीबो-गरीब दृश्य देखने को मिला, जब रावतपुर गुरुदेव चौराहे के पास एक नशे में धुत सपेरे ने हाई वोल्टेज ड्रामा कर दिया। यह सपेरा अपने साथ एक ज़िंदा सांप लेकर सड़कों पर घूमता नजर आया और राहगीरों व दुकानदारों को डराने की कोशिश करता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सपेरा कभी ट्रैफिक पुलिस की ओर बढ़ता तो कभी राह चलते लोगों के पास जाकर सांप को लहराने लगता। इस हरकत से अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। ट्रैफिक पुलिस कर्मी भी सांप के डर से कुछ देर के लिए पीछे हट गए।
करीब एक घंटे तक यह तमाशा चलता रहा। इसके चलते ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ और आसपास के दुकानदारों में दहशत का माहौल बन गया। बाद में रावतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि अंशिका मीडिया इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
(नोट: इस तरह की घटनाओं में सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी जंगली या जहरीले जीव-जंतुओं के साथ सार्वजनिक स्थल पर इस तरह का व्यवहार न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि कानूनन भी दंडनीय हो सकता है।)

