मनसा देवी मंदिर में भगदड़ से मचा हाहाकार

हरिद्वार, उत्तराखंड | 27 जुलाई 2025: रविवार सुबह उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे, जब अचानक भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। इस हृदयविदारक हादसे में अब तक 6 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 35 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की तीन टीमें, स्थानीय पुलिस बल और अन्य राहत दल तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव कार्यों में जुट गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 5 की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें AIIMS ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों का इलाज हरिद्वार के जिला अस्पताल में चल रहा है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा:

“हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। SDRF, पुलिस और अन्य राहत दल मौके पर राहत कार्यों में जुटे हैं। मैं लगातार प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।”

मुख्यमंत्री ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए भीड़ प्रबंधन प्रणाली की समीक्षा के निर्देश भी जारी किए हैं।

इस दुखद घटना ने पूरे प्रदेश को शोकाकुल कर दिया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को मुआवजा और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *