सलोनी तिवारी : लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हो रही लगातार बारिश ने नगर प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल कर रख दी है। शुक्रवार को हुई तेज बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव और अव्यवस्था का माहौल रहा। इसी बीच विभूति खंड स्थित साइबर टावर परिसर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, जानकीपुरम, अलीगंज, इंदिरा नगर सहित विभूतिखंड जैसे क्षेत्रों में भारी जलभराव की स्थिति बनी रही। इसी दौरान बारिश से बचने के लिए रवि कुमार वर्मा नामक युवक विभूति खंड स्थित साइबर टावर के नीचे खड़ा हो गया।
बारिश लगातार जारी थी, तभी अचानक साइबर टावर की एक मंजिल का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में रवि आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना तेज था कि लोग कुछ समझ भी नहीं पाए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल रवि को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि बिल्डिंग की सुरक्षा और रखरखाव में गंभीर लापरवाही बरती गई है।

