नवदीप चतुर्वेदी: कानपुर। पत्रकारिता के अमिट हस्ताक्षर और निडर पत्रकारिता की पहचान वरिष्ठ पत्रकार सुरेश त्रिवेदी को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दी गई। शनिवार को अशोक नगर स्थित हिंदी पत्रकार भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शहर के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने उन्हें याद किया और उनके योगदान को सराहा।
सभा में वक्ताओं ने सुरेश जी की निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर पत्रकारिता को युगांतकारी बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उनकी पत्रकारिता से नौजवान पत्रकारों को प्रेरणा लेनी चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार कैलाश अग्रवाल ने सुरेश जी के साथ बिताए पलों को साझा करते हुए उनकी सरलता और संघर्षशीलता की चर्चा की। कुमार त्रिपाठी ने उन्हें “सच्चा और निडर पत्रकार” बताते हुए कहा कि उनके आदर्श हमेशा पत्रकारिता को राह दिखाते रहेंगे। वहीं गजेंद्र सिंह ने सुरेश जी को “पथ प्रदर्शक” की संज्ञा दी और उनके साथ बिताए संघर्ष के दिनों की यादें साझा कीं।
इस अवसर पर कानपुर जर्नलिस्ट क्लब के महामंत्री अभय त्रिपाठी ने घोषणा की कि सुरेश त्रिवेदी के सपनों को साकार करने के लिए क्लब सतत प्रयास करता रहेगा और उनके सिद्धांतों पर चलकर पत्रकारों के हक की लड़ाई लड़ी जाएगी।
सभा में वरिष्ठ पत्रकार पुष्कर बाजपेयी और शैलेन्द्र मिश्रा ने उन्हें “पत्रकारिता का क्रांतिवीर” बताया और कहा कि उनका जीवन एक आदर्श है जिसे अपनाकर ही पत्रकारिता को उसकी असली पहचान दी जा सकती है।
श्रद्धांजलि सभा में सुरेश जी के पुत्र मनी त्रिवेदी एवं अन्य परिजन भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विवेक शुक्ला, जीपी अवस्थी, प्रकाश श्रीवास्तव, विशाल सैनी, पंकज अवस्थी, कृष्ण मोहन त्रिपाठी, अमित पटेल, सूर्य नारायण, यस त्रिपाठी सहित शहर के सैकड़ों पत्रकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर सुरेश जी को श्रद्धांजलि दी।

