डोदरा ब्रिज हादसा: 45 साल पुराना महिसागर नदी पर बना पुल ढहा, 9 की मौत, कई घायल

सलोनी तिवारी: गुजरात के वडोदरा जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। वडोदरा और आणंद जिलों को जोड़ने वाला महिसागर नदी पर बना 45 साल पुराना पादरा-गंभीरा पुल अचानक ढह गया। इस भयावह घटना के दौरान पुल से गुजर रहे दो ट्रक, एक बोलेरो और एक जीप नदी में गिर गए, जबकि एक टैंकर पुल पर ही लटक गया। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जैसे ही हादसे की सूचना मिली, मुजपुर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। माही नदी में गिरे वाहनों से तीन लोगों को जिंदा रेस्क्यू किया गया। 108 एंबुलेंस और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और राहत कार्य जारी है। गोताखोर नदी में डूबे अन्य लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि इस पुल की हालत कई वर्षों से खराब थी और इसकी मरम्मत की मांग कई बार की गई, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। चेतावनियों के बावजूद अधिकारियों ने पुल की अनदेखी की, जिसके कारण आज यह दुखद हादसा हुआ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक, किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “गुजरात के वडोदरा जिले में एक पुल के ढहने से हुई जनहानि बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया गया है।

जांच के आदेश, प्रशासन सक्रिय
घटना के बाद राज्य सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं और संबंधित अधिकारियों से जवाबतलबी की तैयारी की जा रही है। साथ ही, माही नदी में राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है और पुल से वाहनों को हटाने का प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *