डॉक्टर्स डे पर श्रद्धा, सेवा और सम्मान का होगा संगम – IMA कानपुर में होगा विशेष आयोजन

सलोनी तिवारी: 1 जुलाई को डॉक्टर्स डे के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), कानपुर द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसकी रूपरेखा आज संस्था के कान्फ्रेंस हॉल में आयोजित एक प्रेस वार्ता के माध्यम से प्रस्तुत की गई। इस संवाददाता सम्मेलन की अध्यक्षता IMA कानपुर की अध्यक्ष डॉ. नंदनी रस्तोगी ने की, जिसमें सचिव डॉ. विकास मिश्रा, समन्वयक व पूर्व अध्यक्ष डॉ. शिवा कांत मिश्रा, डॉ. नीलम मिश्रा, डॉ. बृजेन्द्र शुक्ला और तिरंगा अगरबत्ती समूह के प्रबंध निदेशक श्री नरेंद्र शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

डॉ. नंदनी रस्तोगी ने बताया कि डॉक्टर्स डे हर वर्ष 1 जुलाई को डॉ. बिधान चंद्र राय की स्मृति में मनाया जाता है, जो एक महान चिकित्सक और पश्चिम बंगाल के 14 वर्षों तक मुख्यमंत्री रहे। उनका जन्म और निधन दोनों ही 1 जुलाई को हुआ था। यह दिवस डॉक्टरों के समर्पण, सेवा, करुणा और उनके सामाजिक योगदान को सम्मानित करने का दिन है।

डॉ. विकास मिश्रा ने बताया कि इस दिन का महत्व सिर्फ डॉक्टरों के सम्मान में नहीं है, बल्कि यह चिकित्सा समुदाय की सामाजिक जिम्मेदारियों को पुनः स्मरण कर उसे निभाने का भी दिन है। उन्होंने बताया कि शाम 8 बजे संस्था के सभागार में एक भजन संध्या आयोजित की जाएगी जिसमें अयोध्या धाम के आचार्य योगेश जी महाराज भक्ति संगीत प्रस्तुत करेंगे। यह आयोजन आत्मिक शांति और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने हेतु किया जा रहा है।

सम्मान समारोह भी होगा आयोजित
भजन संध्या के उपरांत एक सम्मान समारोह में IMA बिल्डिंग कमेटी के सदस्यों, पूर्व अध्यक्षों, सचिवों, भवन निर्माण निधि में योगदान देने वाले चिकित्सकों और समाजसेवा में अग्रणी लोगों को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन
रामकुटी फाउंडेशन के प्रमुख व IMA के पूर्व अध्यक्ष डॉ. शिवा कांत मिश्रा ने रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि देश में रक्त की भारी कमी है और डॉक्टर्स डे के दिन एक विशाल मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन रामकुटी फाउंडेशन और तिरंगा अगरबत्ती समूह के सहयोग से होगा। इसमें सभी वर्गों के लोग भाग लेंगे और रक्तदान जैसे पुण्य कार्य को बढ़ावा देंगे।

IMA की सामाजिक भूमिका
IMA कानपुर के सामुदायिक सेवा समिति चेयरमैन डॉ. वी.सी. रस्तोगी ने बताया कि कानपुर IMA देश की पांचवीं सबसे बड़ी और अत्यंत सक्रिय शाखा है जो समाज सेवा में निरंतर समर्पित है। 1 जुलाई को विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए चिकित्सा और समाज के बीच के रिश्ते को और प्रगाढ़ किया जाएगा।

डॉक्टर्स: धरती के देवदूत
डॉ. बृजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि जैसे सैनिक देश की रक्षा करते हैं, वैसे ही डॉक्टर मानव जीवन की रक्षा में हर परिस्थिति में डटे रहते हैं। कोविड-19 के कालखंड में यह समर्पण और साहस पूरी दुनिया ने देखा।

वृक्षारोपण भी होगा
डॉक्टर्स डे के दिन संस्था परिसर में वृक्षारोपण का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें संस्था के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान पदाधिकारी भाग लेंगे। यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में IMA की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *