सलोनी तिवारी : कानपुर, उत्तर प्रदेश: रावतपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहाँ एक बेटे ने ही अपनी मां की गला दबाकर हत्या कर दी। मां को मरा समझकर आरोपी बेटे ने शव को दीवान (बॉक्स बेड) में छुपा दिया। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर महिला का छोटा बेटा स्कूल से घर लौटा और जब उसने मां के बारे में पूछा तो बड़े भाई ने बताया कि मां मामा के घर गई हैं। शक होने पर छोटे बेटे ने मामा को फोन किया तो पता चला कि मां वहां नहीं हैं।
इसके बाद वह घर के अंदर गया और जब कमरे का दीवान उठा हुआ देखा तो उसे शक हुआ। दीवान खोलने पर मां बेहोश हालत में मिलीं। छोटे बेटे ने तुरंत मामा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसीपी कल्याणपुर रंजीत कुमार के अनुसार, जब पुलिस पहुंची तो महिला की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। मीडिया में आ रही ख़बरों के अनुसार छोटे बेटे की तहरीर पर पुलिस ने बड़े बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, महिला का पति घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है।


