फिरोजाबाद/नारखी: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गर्मी की छुट्टियां बिताने ननिहाल आई 8 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बच्ची का शव उसके ही ननिहाल के पड़ोसी के घर से बरामद हुआ, जिसे बोरे में भरकर भूसे के ढेर में छिपाया गया था।
घटना नारखी थाना क्षेत्र की है, जहां हाथरस निवासी बच्ची अपने नाना के घर छुट्टियां बिताने आई थी। वह कक्षा 5 की छात्रा थी। मंगलवार की शाम बच्ची खेलते-खेलते अचानक लापता हो गई। परिजनों ने जब उसे आसपास ढूंढा और कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को सूचना दी गई। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की।
बुधवार रात पुलिस ने संदेह के आधार पर पड़ोसी के घर की तलाशी ली, जहां बच्ची का शव एक बोरे में बंद मिला। शव को भूसे में छिपाकर रखा गया था। यह दृश्य देखकर पुलिस और परिजन दोनों स्तब्ध रह गए। गांव में घटना के बाद सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने मामले में चार पड़ोसियों को हिरासत में लिया है और उनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

