कानपुर के शताब्दी नगर में झुग्गी झोपड़ी में भीषण आग

सलोनी तिवारी: कानपुर – रात्रि में लगभग 1 बजे  मिनी कंट्रोल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना रतनपुर क्षेत्र अंतर्गत शताब्दी नगर स्टेडियम के पीछे झुग्गी झोपड़ियों में भीषण आग लग गई है, जिसमें कई लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफएस पनकी से दमकल वाहन संख्या 2463 को मौके के लिए रवाना किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए समय 01:09 बजे अतिरिक्त दमकल गाड़ियां फजलगंज से भेजी गईं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी  कानपुर नगर श्री दीपक शर्मा के नेतृत्व में एफएसएसओ श्री परमानंद पांडे, एफएम चालक अनूप कुमार (गाड़ी संख्या 0707), मोहम्मद शमीम, कर्वेंद्र सिंह (0245), रामनरेश गौतम (0570), धीरेन्द्र कुमार (7655), समर सिंह और एलएफएम राम अक़वाल सिंह सहित पूरी टीम मौके पर पहुंची।

घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा गया कि आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी और कई छोटे-बड़े घरेलू सिलेंडर भी आग की चपेट में थे। दमकल कर्मियों ने चारों ओर से आग को घेर कर बुझाना शुरू किया। हालात की गंभीरता को भांपते हुए किदवई नगर और लाटूश रोड से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए।

लगातार प्रयास और दमकल विभाग की सूझबूझ से आग पर नियंत्रण पाया गया और बड़ी जनहानि टाल दी गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानमाल की हानि नहीं हुई। आग पूरी तरह बुझाने के बाद सभी गाड़ियां स्टेशन लौट आईं और आवश्यक कार्रवाई की गई।

दमकल विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *