आगरा में दर्दनाक हादसा: आम से लदी पिकअप पलटी, मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 लोगों समेत 4 की मौत, 1 गंभीर

आगरा। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। झरना नाला के आगे शाहदरा फ्लाईओवर पर फिरोजाबाद की ओर से आ रही आम से लदी पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी दिशा में पलट गई। इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोग उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे में पिकअप चालक कृष्णा की भी जान चली गई, जबकि क्लीनर को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान शाहदरा निवासी राजेश (65) पुत्र लाखन सिंह, रामेश्वर (60) पुत्र बुद्धराम, और हरीबाबू (63) पुत्र धुरीलाल के रूप में हुई है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पिकअप के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला गया। केबिन में फंसे क्लीनर को भी बड़ी मुश्किल से बचाया जा सका।

पिकअप के पलटने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे क्रेन की सहायता से पिकअप हटाने के बाद खुलवाया गया।

स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *