स्मार्ट सिटी कानपुर में केस्को की ‘अनस्मार्ट’ व्यवस्था

कानपुर नगर में केस्को (KESCO) की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल नजर आ रही है। हल्की आंधी या बारिश होते ही बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है और सामान्य फॉल्ट को ठीक करने में 12 घंटे से भी अधिक का समय लग जाता है।

सबसे गंभीर बात यह है कि आपात स्थिति में उपभोक्ता जब अपने क्षेत्र के सब स्टेशन पर संपर्क करना चाहते हैं, तो फोन या तो लगता नहीं है और अगर किसी तरह लग भी जाए तो जवाब मिलता है कि लाइनमैन एक ही है, और वह भी हाथ ठेले पर उपकरण लेकर फॉल्ट ठीक करने गया है। स्टाफ का कहना है कि विभाग ने अब वाहनों की सुविधा बंद कर दी है, जिससे सेवा में और अधिक देरी हो रही है।

स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ते शहर में यदि कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायत दर्ज कराता है, तो उसका निस्तारण भी 5 से 6 महीने तक लटका रहता है। शिकायत के बावजूद कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिलता।

कई इलाकों में रात के समय अचानक वोल्टेज कम हो जाता है, जिससे घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इलाके में किसी फैक्ट्री का रात में संचालन होता है, जिससे अचानक लोड बढ़ जाता है और वोल्टेज प्रभावित होता है।

जनता अब सवाल कर रही है कि स्मार्ट सिटी की परिकल्पना में ऐसी अनदेखी कब तक बर्दाश्त की जाएगी? क्या केस्को की लापरवाह व्यवस्था में कोई सुधार होगा या जनता इसी तरह अंधेरे में जीने को मजबूर रहेगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *