सलोनी तिवारी: बुधवार देर रात आयी तेज़ आंधी और बारिश ने कानपुर की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। रात करीब 12 बजे के बाद शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई, जो सुबह तक बहाल नहीं हो सकी। इस अचानक आई खराब मौसम की वजह से ना केवल आम जनजीवन प्रभावित हुआ बल्कि लोग रातभर गर्मी और अंधेरे में परेशान होते रहे।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, जब उन्होंने सब स्टेशन और बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की तो कॉल ही नहीं लग रही थी। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई क्योंकि उन्हें न तो बिजली कटने का कारण बताया गया और न ही बिजली बहाल होने का कोई समय।
शहर के कई इलाकों जैसे कि काकादेव, शारदा नगर, किदवई नगर, गोविंद नगर, बर्रा, शास्त्री नगर और नवाबगंज आदि में बिजली पूरी रात गायब रही। कई लोगों को पानी की किल्लत का भी सामना करना पड़ा रहा है क्योंकि पानी की मोटरें भी नहीं चल सकीं।

